शिमला
शिमला नगर निगम में 7 नए वार्ड किए गए शामिल, 34 नहीं 41 होगी वार्डो की संख्या

उपायुक्त शिमला ने बताया कि इस प्रस्ताव पर शिमला की जनता के सुझाव व आपत्तियां 11 फरवरी, 2022 से 17 फरवरी, 2022 तक उपायुक्त कार्यालय में दर्ज की जा सकती है। वार्डों के परिसीमन का मसौदा प्रस्ताव उपायुक्त कार्यालय शिमला की अधिकारिक वेबसाईट http://hpshimla.nic.in पर उपलब्ध है।
शिमला- नगर निगम शिमला के वार्डो की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। अब शिमला नगर निगम में 34 के बजाए वार्डो की संख्या 41 होगी। जिला प्रशासन ने आज पुर्न सीमांकन की पहली प्रक्रिया को पूरा कर लिया है जिसमें 7 नए वार्ड नगर निगम में शामिल किए गए है।
कई वार्डों को तोड़कर नए वार्ड बनाए गए हैं। सबसे ज्यादा फेरबदल रुलदूभट्टा, कृष्णा नगर, खलीणी, छोटा शिमला विकासनगर वार्ड में हुआ है। इन पांच वार्डों के दो- दो वार्ड बनाए हैं। वहीं संजौली, इंजनघर के साथ डिंगूघार नया वार्ड होगा।
इसी तरह से कुसुम्पटी,पंथाघाटी के दो की बजाय तीन वार्ड बनाए हैं। यहां पर कुसुम्पटी-टू (2) नया वार्ड है।
जिला उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी की ओर से इसका ड्राफ्ट जारी कर दिया गया है। जारी ड्राफ्ट के मुताबिक शहर में 34 की जगह अब 41 वार्ड होंगे। राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद ये प्रक्रिया शुरू की गई है।
नए वार्ड बनाने के बाद नगर निगम के एक्ट में भी संशोधन करना पड़ेगा। नगर निगम के एक्ट के मुताबिक 37 अधिकतम वार्ड बनाए जा सकते थे। अब इन वार्डों की संख्या 41 करने का प्रस्ताव किया गया तो इससे साफ है कि आने वाले समय में नगर निगम के एक्ट में भी संशोधन किया जाएगा।
इसके लिए कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर विधानसभा में ले जाना प्रस्तावित है। उम्मीद है कि आगामी बजट सत्र में इस एक्ट को लाया जा सकता है।
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने बताया कि शिमला नगर निगम में पूर्व में वार्डों की संख्या 34 थी, जिसे अब बढ़ाकर 41 कर दिया गया है। यह प्रस्तावना जनता के लिए उपायुक्त कार्यालय व नगर निगम कार्यालय में उपलब्ध है। अब वार्डों की संख्या बढ़ने के बाद नगर निगम एक्ट में भी संशोधन होगा।
ये हुआ है बदलाव
1. रूल्दूभट्टा को तोड़ कर रूलदूभट्टा व शांकली
2. कृष्णानगर में दो वार्ड अपर व लोअर कृष्णानगर
3. खलीणी को तोड़कर अप्पर व लोअर खलीणी के दो वार्ड बनाए हैं।
4. छोटा शिमला में छोटा शिमला व ब्रोकहास्ट
5. संजौली , इंजनघर के अलावा डिंगूधार नया वार्ड बनाया है
6. कुसुम्पटी पंथाघाटी के कुसुम्पटी टू नाम से बनाया तीसरा वार्ड
7. विकासनगर का अप्पर व लोअर दो वार्ड बनाए हैं।
शिमला
मुख्यमंत्री ने ढली में 49 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली डबल लेन सुंरग की रखी आधारशिला

शिमला- शिमला स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत राजधनी में कई कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ढली में लगभग 49 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली डबल लेन सुंरग की आधारशिला रखी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ढली की पुरानी सुरंग 1852 ई. में निर्मित की गई थी और अब 147 मीटर लंबी इस नई डबल लेन सुरंग से यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि शिमला शहर का निरंतर विकास होने से इसका व्यापक विस्तार हुआ है और ऐसे में प्रभावी यातायात प्रबन्धन के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक हो जाता है। उन्होंने कहा कि हालांकि यह परियोजना वर्ष 2016 में शुरू की गई थी।
उन्होंने यह भी कहा कि शिमला शहर के लिए 70 करोड़ रुपए की लागत की पेयजल आपूर्ति योजना रिकॉर्ड समयावधि में पूर्ण करके शहर में पेयजल संकट की समस्या का निराकरण किया गया है।
उन्होंने कहा कि शहर के लिए 1813 करोड़ रुपए की एक नई पेयजल आपूर्ति परियोजना भी तैयार की जा रही है जिसका कार्य पूर्ण होने पर शहर में आगामी 100 वर्षों तक पानी की समस्या का हल हो सकेगा।
इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि नई सुंरग के निर्मित होने से इस मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही और सुगम हो सकेगी। यह सुंरग शिमला जिला के कसुम्पटी और शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगी।
उन्होंने कहा कि शिमला शहर में स्मार्ट सिटी योजना के अन्तर्गत सड़कों को चौड़ा करने, पैदल पुलों, फुटपाथ, पार्किंग इत्यादि से संबंधित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि स्मार्ट सिटी परियोजना के अन्तर्गत सभी कार्य तीव्र गति से पूर्ण हो।
अन्य खबरे
शिमला साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी मामलों में वापिस करवाए 1 लाख 40 हजार रुपए

शिमला- साइबर सेल शिमला को ऑनलाइन ठगी मामलें में एक बड़ी सफलता मिली है।
नवंबर 2021 में नारकंडा पुलिस चौकी में एक शिकायत प्राप्त हुई थी। जिसके अनुसार शातिरों ने केवाईसी अपडेट करने के लिए शिकायतकर्ता से ओटीपी मांगा था और शिकायतकर्ता ने ओटीपी शेयर कर दिया जिसके बाद ओटीपी शेयर करने से शिकायतकर्ता के खाते से 1 लाख 40 हजार रुपए कट गए। इस ठगी मामलें में शिमला साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए यह राशि शिकायकर्ताओं के खाते में वापिस करवा दी हैं।
शिमला पुलिस ने जनता से आग्रह किया है कि कोई भी बैंक आपसे इस तरह की जानकारी नहीं मांगता है। आप अपने खाते की जानकारी जैसे कि ओटीपी (OTP)/सीवीवी (CVV)इत्यादि सांझा न करें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर इसकी सूचना तुरंत नज़दीकी पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर आवश्य दर्ज करवाएं।
आपको बता दें कि इससे पहले भी साइबर सेल शिमला ने ठगी के मामलें में तुरंत कार्रवाई करते हुए शिकायकर्ताओं के खाते में करीब 85 हजार रुपए वापिस करवाए थे।
राजनीति
नगर निगम चुनावों के लिए चुनावी घोषणा पत्र में जनहित के मुद्दों तरजीह देगी कांग्रेस,तैयारियां शुरु

शिमला- प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शिमला नगर निगम चुनावों के लिये अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसके चलते आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की अध्यक्षता में मेनीफेस्टो ,घोषणा पत्र कमेटी की एक बैठक हुई।
बैठक में घोषणा पत्र को लेकर आपसी विचार विमर्श किया गया। इस दौरान राठौर ने नगर निगम के मेनीफेस्टो, घोषणा पत्र के प्रारूप पर चर्चा करते हुए कहा कि घोषणा पत्र में जनहित से जुड़े मुद्दों को विशेष प्रमुखता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इसमें नगर निगम में शामिल किए गए उन नए क्षेत्रों में लोगों को राहत व सुविधा देने का विशेष उल्लेख किया जाना चाहिए जिन्हें वर्तमान नगर निगम ने कुछ नहीं दिया है।उन्होंने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम की कार्यप्रणाली से लोग दुःखी है।
उन्होंने अपना कोई भी चुनावी वायदा पूरा नहीं किया, इसलिए इन्हें सत्ता से बाहर करने के लिये सभी को एकजुटता के साथ पूर्व में प्रदेश के चार नगर निगम चुनावों की तरह ही प्रयास करने होंगे।